21 अगस्त तक उत्तर भारत में बढ़ेगी मानसून की सक्रियता - Karobar Today

Breaking News

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, August 18, 2020

21 अगस्त तक उत्तर भारत में बढ़ेगी मानसून की सक्रियता

 









Monsoon is activate in Northern India till 21 August



नई दिल्ली । भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 21 अगस्त तक उत्तर भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। इससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ​साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

स्काईमेट के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तरी छत्तीसगढ़ और इससे सटे भागों पर पहुँच गया है। इस सिस्टम के साथ ही एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। पूर्वोत्तर भारत में मेघालय के ऊपर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। मानसून की अक्षीय रेखा आज भी दक्षिण में राजस्थान पर बनी हुई है। इस समय मानसून ट्रफ बीकानेर, जयपुर, शिवपुरी, सतना और छत्तीसगढ़ पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से दिघा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक पहुँच रही है। दक्षिणी पंजाब और इससे सटे भागों पर हवाओं में एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी गुजरात इसके आसपास के हिस्सों पर दिखाई दे रहा है।
आगामी 24 घंटों के दौरान देश में कहां-कहां होगी बारिश
अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, कोंकण गोवा, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इन भागों में कुछ स्थानों पर भारी मॉनसूनी बौछारें भी गिर सकती हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मानसून कमजोर रहेगा और इन भागों में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश से अधिक की संभावना कम है।
पिछले 24 घंटों में किन राज्यों में हुई मानसूनी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तथा कोंकण गोवा में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी गुजरात में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर भारी मानसून वर्षा दर्ज की गई। गुजरात के बाकी हिस्सों, आंतरिक महाराष्ट्र, केरल, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और शेष मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं पर मध्यम बारिश हुई।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad